फ़ॉलोअर

सोमवार, 29 अगस्त 2011

याद रखना किसी कफ़न में जेब नहीं होती






दीपू आज तो स्कूल बंद है
फिर इतना सुबह क्यों नहा रहे हो
स्कूल के लिए क्यों तैयार हो रहे हो
नहीं मम्मी आज अन्ना हजारे सर का
एक लम्बा जुलूस हमरे स्कूल से निकलना है
और मुझे उसमे तिरंगा लेकर
सबसे आगे चलना है

भ्रष्टाचार के खिलाफ राष्ट्रीय फलक पर
एक विस्मयकारी आन्दोलन छिड़ चुकाहै
स्वतंत्रता आन्दोलन की एक झलक से
पूरा बदन सिहर गया है
पूरी अवाम एक सैलाब के रूप में
सडकों पर उतर चुकी है
बस रैलिया ही रैलिया दिखती है
एकजुटता के विराट और विहंगम नजरें
जिधर देखों उधर बस जुलूस की
शक्ल में मानवीय कतारें
आकंठ भ्रष्टाचार से सब ऊब चुके है
इसे जड़ से उखाड़ फेकने को
सभी व्यग्र दीख रहे है
पर अफ़सोस उसमे भी कुछ लोग
अपनी रोटियां सेक रहे है
तबियत से अपने बैनर संस्था और
स्कूल के प्रचार में लगे हुए है
वरना जुलूसों से क्या वास्ता
अपने विकास हेतु इन्हें बनाते क्यों रास्ता
प्रतिबन्ध के बावजूद भी इन मासूमों को
भीड़ जुटाने के लिए
घंटों धूप में दौड़ाया जाता है
बेहोश होने पर घर वालों को बुलाकर
चीनी नमक पानी का घोल देने की
नसीहत देकर अभिवाहकों को
सौप दिया जाता है
वजह भ्रष्टाचार के खिलाफ की लड़ाई में
अन्ना का हाथ बटाया जाना
बताया जाता है

मुझे अच्छी तरह याद है जब
पहली बार पिताजी मुझे मेरा नाम
लिखवाने स्कूल ले गए थे
प्रवेश शुल्क के नाम पर बस पांच रुपये
कक्षा एक में दिए थे
उसके बाद पूरे आठ वर्षों तक
कोई ऐसा शुल्क स्कूल द्वारा लिया गया नहीं
मैंने भी प्रवेश शुल्क के नाम पर कुछ
दिया हो याद नहीं
अभी कुछ वर्षों पहले तक भी
प्रवेश शुल्क किसी स्कूल में बस एक बार
प्रवेश के समय लिया जाता रहा है
पर अब तो हर कक्षा में हर बार
प्रवेश शुल्क माँगा जाता है
विकास शुल्क अभिवाहकों से लेकर
स्कूल का भवन बनवाया जाता है
बेचारा अभिवाहक इनका
चारा बना फिरता है
कोई विकल्प न पाकर अपना दुःख
किसी से नहीं कहता है

क्या यह भ्रष्टाचार कि श्रेणी में नहीं आता है
इस तरह अभिवाहकों का शोषण क्या
नहीं किया जाता है
वस्तुतः जहाँ से इस लड़ाई का
आगाज होना चाहिए था
वही आकंठ में डूबा भ्रष्टाचार
पहरेदार बना बैठा है
कौन समझाएं इन छद्म अन्नावादियों को
कि कमा ले चाहे जितने भी
हीरे और मोती
पर याद रखना किसी कफ़न में
जेब नहीं होती

बुधवार, 24 अगस्त 2011

अन्ना के शोर में शांत ४१ समाधियाँ


जिनके कंधे को
मजबूत होने की प्रतीक्षा
करते तरस गयी बूढ़ी ऑंखें
आज उनके लाशो को
अपने कमजोर हाथो में
ढोने को विवश बाहें
टेलीविजन पर देखता
आँखों से आसुओं के जेहाद को रोकता
सोचता बेशक कसूर नहीं
उन अबोधों का कुछ भी
पर नियति का खेल है कुछ और ही
दिल से क्या क्या सपने लेकर
सत्ती माई के दर्शन के लिए
निकले होगे वो घर से
पर उन्हें क्या पता कि
जिस रास्ते वो जा रहे है
मौत का दरवाजा खटखटा रहे है
यह उनकी अंतिम यात्रा होगी
फिर अपनों से भेट न होगी
१८ महिलाएं २३ बच्चों के साथ
जिन्दी समाधि में परवर्तित हो जाएगी

भीतर तक भेद गया
उनकी अंतिम यात्रा का कारुणिक दृश्य
आँखों के सामने नाचता
पूरा मरघट का परिदृश्य
घाघरा की लहरे एक और जहाँ
उफान मार रही थी
बार बार अपने थपेड़ों से
किनारों को छूने का प्रयास कर रही थी
मानो उन अबोधों को अपने
बाँहों में लेकर चूमना चाह रही है
अंतिम बार उन्हें
अंगीकार करना चाह रही है
असफल होने पर उनकी भीषण गर्जना
मानों इस असफलता पर
जार जार रो रही थी
वही कतार से लगी महिलाओं की
चिताएं धूं धूं कर जल रही थी
ऊँची ऊँची उठ रही लपटें
हा हाकार कर रही थी
उस हृदयविदारक मंजर पर
मरघट भी चीत्कार कर रहा था
लपटों के उस पार श्मसान का
जर्रा जर्रा मानों काप रहा था
परंपरानुसार २३ बच्चों के शव जब
घाघरा में बहाए जा रहे थे
बादल गडगडाहट के साथ
तेजी से दहाड़ मार कर बरस रहे थे
मानो इस अनहोनी पर
बेकल विवश रो रहे थे
बीच बीच में उनकी निरापद शांति
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो
मानो ईश्वर से प्रार्थना कर रहे थे
प्रकृति के इस प्रकोप पर
एक और जहाँ हर स्थानीय आमोखास
अन्दर तक हिल चुका था
पर अफ़सोस अन्ना की आंधी में
अधिकांश लोगों के पास
उन्हें श्रद्धांजली देने का
कहाँ वक़्त था

शुक्रवार, 19 अगस्त 2011

प्रकृति का अनुपम अनुराग



मध्याह्न
भोजनावकास का समय था
मित्रो के साथ पास के कैंटीन में
मै विराजित था
छोले के साथ समोसे कट रहे थे
साथ ही वर्तमान राजनैतिक परिदृश्य पर
जम कर बहस हो रहे थे
जहाँ एक और अन्ना के पक्ष में
कसीदे पढ़े जा रहे थे
वही बाबा कि असफलता पर
एक्सपर्ट कमेंट्स कसे जा रहे थे
मै चाय कि चुसकिया लेता हुआ
खामोश बहस से दूर
सामने के नयनाभिराम दृश्य पर
ध्यानस्थ हो गया था
करीब में ही नल के पास पड़े
जुठनो पर कौओं का एक झुण्ड रमा था
उनके पास ही चिड़ियों का एक
समूह भी जमा था
जो शायद अपनी पारी का
इंतजार कर रही थी
पर कौवों कि भीड़ थी कि
हटने का नाम ही नहीं ले रही थी
बड़े चाव वे डटे थे
मस्त दावत उड़ा रहे थे
उसी बीच में एक छोटा कौवा
जिसका एक पैर काम नहीं कर रहा था
संभवतः वह बीमार भी था
एक ही पैर का सहारे उस जूठन में से
अपने लिए कुछ पाने का कई बार
प्रयास करता रहा
पर हर बार अपने झुण्ड के असहयोग से
असफल रहा
शायद निराश हो चला था

अपनी क्षुदा को तृप्त कर
एक एक कर जब वो जाने लगे
चिड़ियों के समूह तब
क्रमशः करीब आने लगे
बचे जूठनो पर अपना अधिकार
ज़माने कि चेष्टा करने लगे
तभी वह कौवा घिसटा हुआ
कुछ पाने कि उम्मीद में
पुनः आगे आ गया था
पर तमाम प्रयास के उपरांत भी
स्वतः से कुछ ग्रहण नहीं कर पा रहा था
हर बार प्रयास करने के उपरांत भी
वह अपने को सम्भाल नहीं पा रहा था
रह रह कर गिर जा रहा था
चिड़ियों के झुण्ड में से एक को शायद
आ गयी उस पर दया
उसने अपनी चोंच में
समोसे का एक टुकड़ा लिया
उसे उस कौवे के मुंह में पकडाया
एक बरगी तो कौवा घबराया
पर किसी तरह उसने उस टुकड़े को
अपने मुंह में सरकाया
इस प्रक्रिया को कई बार दोहराया गया
उस घायल कौवे कि क्षुदा
क्रमशः तृप्त हो रही थी
इसी बीच जूठन भी समाप्त हो गयी थी
बेचारी वह चिड़िया स्वयं शायद
भूखी ही रह गयी थी
मानवीय प्रेम से परे
प्रकृति के इस अनुपम अनुराग को
देख मेरी ऑंखें श्रद्धा से भर गयी थी
मौन में इन बेजुबानो की भाषा को
समझाने का प्रयास कर रहा था
अपने भोजनावकाश का सार्थक
उपयोग कर रहा था
अपने को जहाँ अभी तक इस श्रृष्टि की
एक सबसे अनुपम सभ्य और सुसंस्कृत
कृति समझ रहा था
वही अब अपनी भूल पर तरस खा रहा था
निरपेक्ष भाव से मूर्तिवत
मै उस दृश्य से शिक्षा
ले रहा था

शुक्रवार, 12 अगस्त 2011

१६ अगस्त ०० सच्चे सुराज की नीव





सुधी पाठकों इधर कई दिनों की छुट्टियाँ होने को हैं ऐसे में आपसे मुलाकात चार पाँच दिनों बाद ही हो पायेगी ऐसे में मेरी यह रचना रक्षाबंधन और १५ अगस्त को ध्यान में रख कर आपको समर्पित है आशा है आप सबका स्नेह पहले की तरह प्राप्त होगा एक बार पुनः आप सब को रक्षाबंधन और स्वतंत्रता की ढेर सारी बधाई के साथ आपका निर्मेश


ए मेरे देश के लोगो
क्यों रक्त हो चुका ठंडा
क्यों पड़ता नहीं असर है
चाहे खा ले कितने ही डंडा

पिछले दिनों की घटनाये
जिसमे क्या क्या न हुआ था
शर्मशार भई मर्यादा
खोना अब कुछ शेष न था

चलते जो तीर शब्दों के
भावों को भेद नहीं पाते है
अब अर्थ खो चुके अपने
नाहक संसद को सताते है

अच्छो को श्रेय ले बढ़ाते है
गलतियाँ दूसरे पर मढ़ते है
आदत है पड़ चुकी इनकी
पानी में आग लगाते है

आज़ाद परिंदे हम बेशक
है कभी हुआ करते थे
अब पंख तोड़ कर मेरे
उड़ने को हमसे कहते है

भौतिक दस्ता से मुक्त हुए
वर्षों हमको है बीत गए
मानसिक दंश गुलामी का
पर आज भी हम है झेल रहे

अन्ना लेकर आयें जब
तीव्र सत्यता की आधीं
प्रयास कर लिए जीभर कर
पर बन न पाए वो गाँधी

संतोष एक ही है हमको
हम आजाद हो चुके है
पीर कहे पर किससे अपनी
बस लाज ढो रहे रहे है

है साहस बचा है कितनो में
सच का साथ देने की
झुनझुना थमा कर हाथों में
कहतें है बात निभाने की

हो स्वतंत्र अपने ही देश में
दासता का जीवन जी ही रहे
पाते है जख्म रोज ही हम
दुखड़ा अपना कहने से रहे

पा चुके बेशक स्वराज है
पाना सुराज बाकी है अभी
इस बार चूक गए जो हम
मिले न वांछित लक्ष्य कभी

बना रहे पंद्रह अगस्त ही
बेशक पर्याय अपने स्वराज का
सोलह अगस्त को पड़ जाये
मजबूत नीव सच्चे सुराज का

आ मिले अन्ना से हाथ हम
रक्षा बांध शंखनाद करते है
दूसरी स्वतंत्रता की रणभेरी
हम आज ही से बजाते है

बुधवार, 10 अगस्त 2011

कृष्ण कुमार यादव जी को जन्मदिन पर हार्दिक बधाई

कृष्ण कुमार यादव सर को उनके जन्मदिन 10 अगस्त पर हार्दिक बधाई और शुभकामनायें. आप एक अच्छे प्रशासक और साहित्यकार के साथ-साथ अच्छे व्यक्ति भी हैं, आपका सान्निध्य हम सब को प्राप्त है. आपके सान्निध्य में हम लोगों को बहुत कुछ सीखने का अवसर प्राप्त हुआ है. आपके जन्मदिन पर आपके सुखी, समृद्ध एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हैं.


सुहृदय, मिलनसार और साहित्य प्रेमी
सबसे अन्तर्मन से वह जुड़ जाते हैं
एक बार जब बने निकटता आपसे
सब जन के.के. जी के सादर गुण गाते हैं !!

सोमवार, 8 अगस्त 2011

फिर कहाँ मिलेंगे...

चली गयीं कोटला साहब...

मौत जिंदगी का वक्फा है

यानी आगे चलेंगे दम लेकर।

आज सुबह के वक्त हमारा पूरा परिवार जब सेहरी की तैयारी में था कि अचानक सालों से बीमार हमारी नानी जाहिरून निशा इस फानी दुनियां से भोर के तीन बजकर पांच मिनट पर कभी ना खत्म होने वाली दुनियां में चली गयीं। मौत जोकि शश्वत सत्य है। इस पर किसी का जोर नहींए क्या राजा क्या रंक सब एक समान। नानी कैंसर से पिछले दस सालों से बीमार थी मगर उसने कभी तकलीफ को जाहिर नहीं किया।

मैं अक्सर उसे कोटला साहब कहके पुकारता था वो खुश हो जाती। पूछने पर की ऐनी प्राब्लम तो कहती नो प्राब्लम। जिंदगी की तमाम तल्खियें से गुजरने के बाद भी नानी ने कभी दुख का इजहार तक नहीं किया। आज हम उन्हे सुपुर्दे खाक कर आयें। सुपुर्दे खाक किया अपने अरमानों को, अपनी खुशियों को। मैं अभी सोच रहा हूं अब कहां मिलेंगी कोटला साहब। किससे कहूंगा कि आज मुझे कुत्ते ने सींग मार दिया। किससे पूछूंगा कि खजूरिया साहब कहां है। आज दिल रो दिया कोटला साहब को याद कर के। आखिर मौत ही सच है बाकी सब झूठ। अब तो यादें ही बाकी हैं कोटला साहब की। कोटला सहब माफ करीयेगा अगर मुझे कुछ खता हुई होगी।

अल्लाह हाफिज कोटला साहब।

शायद अब कभी ना मिल सकुं की पूछुं जर्मन साहब कैसे हैं?

खुदा आपको जन्नत में जगह दे।

मुठठीयों में खाक लेकर दोस्त आए वक्त-ए-दफन

जिन्दगी भर की मुहब्बत का सिला देने लगे।

शुक्रवार, 5 अगस्त 2011

आपकी राय हमारी सोच पर सादर आमंत्रित है




मारो साले को
और मारो की तेज आवाज सुन
मै घर से बाहर आया
वहां के हालात देख घबराया
एक अधेड़ व्यक्ति को सब
मिल कर बुरी तरह पीट रहे थे
आपस में बहादुरी की मिसाल
देते नहीं थक रहे थे
जो भी कोई कहीं से आता
तबियत से अपना हाथ साफ कर जाता
घेलुए में माँ बहन कि गाली
सौगात में दे जाता
मैंने बीच बचाव कर उसे
किसी तरह बचाया
उसे निकट के कुएं की
जगत पर लाया
हाथ मुंह धुलाकर घाओं को
डीटल से साफ कर
उस पर मलहम लगाया
गुड के साथ पानी पिलाकर
थोडा शांत होने पर पूछा
क्यों करते हो आखिर ऐसा काम
मै अगर समय से न आता तो
हो गया होता तुम्हारा काम तमाम

मेरी अपनत्व भरी बातें सुन
ऑंखें उसकी कृज्ञता से भरभरा गयी
चाहकर भी गले से उसके
आवाज नहीं निकल पा रही थी
एक अजीब नजरों से वह
मेरी तरफ देख रहा था
शायद मेरे होने के बारे में
वह सोच रहा था
कि क्या आज भी ऐसे लोग है
जो दूसरे के मर्म को पहचान लेते है
उसके दर्द को अपना लेते है
किसी तरह प्रयास कर वह बोला
भैया क्या करें चार दिनन से
घर मा चूल्हा नहीं जला है
पिछले कई दिनन के माफिक
आज भी हम काम से
खाली हाथ लौटा है
ऊपर से गुडिया दू दिनन से
बुखार मा ताप रही है
घर मा खाने को जहर भी नहीं है
जीवन बचाने का कोई
रास्ता नहीं सूझ रहा था
ऐसा सोच पहली बार बड़ी हिम्मत कर
ई साईकिल चोरी के लिए निकला
और पहली बार ही पकड़ा गया

सर मुड़ते ही ओले पड़े
जम कर लात और घूंसे पड़े
भैया आपका बहुत बहुत धन्यवाद्
अब घर चलते है
सब मिलकर सामूहिक
आत्महत्या ही कर लेते है
रोज घुट घुट कर मरने से अच्छा है
एक बार में इस सफ़र को
समाप्त कर देते है

सन्न राह गया मै
जब उसने अपना आखिरी विकल्प सुनाया
मैंने उसे फिर प्रेम से
अपने पास बिठाया
पुनः तबियत से उसे समझाया
फिर चोरी न करने कि शर्त पर
कच्चे अनाज के कुछ थैले के साथ
कुछ रुपये और दवा देकर
बाद में कुछ काम अवश्य दिलाने के
नाम पर मिलने की राय देकर
उसे तत्काल विदा किया
उसकी वेदना देख मन
एकदम से भर गया

उपरांत अपने बैठक में बैठ
उसे दूर तक जाते देख रहा था
मैंने सही या गलत किया
यही सोच रहा था
एकबारगी मुझे लगा
कि कहीं वह पेशेवर चोर होकर
मेरी भावनाओं का शोषण तो नहीं कर रहा था
या कि सचमुच जरूरतमंद था

इस ब्लाग पर सादर आप
इस मुद्दे पर अपनी
सोच के साथ निमंत्रित है
आपकी स्वस्थ्य सकारात्मक राय
हमारी सोच पर
सादर आमंत्रित है

मंगलवार, 2 अगस्त 2011

एक गिलास पानी



आज सुबह से ही
भयंकर उमस थी
गर्मी भी बेजार बरस रही थी
एक गवाही के चक्कर में
मुझे कचहरी जाना था
तैयार होकर ऑटोरिक्शा कि प्रतीक्षा
बेसब्री से कर रहा था
तभी एक
कृशकाय बूढ़े जर्जर व्यक्ति
को कंधे पर लादे एक युवक आया
साथ में उसकी पत्नी
बनी हुई थी हमसाया
बोली अरे जल्दी करो
नहीं तो कही यहीं मर गया
तो समझो सब गुड गोबर हो गया
मै आश्चर्य से उन्हें देख रहा था
चाह कर भी उनकी परेशानियों को
नहीं भाप पा रहा था

एक ऑटोरिक्शा आता दिखा
दौड़ कर उसकी भार्या ने उसे रोका
किराया तय किये बिना ही
सब उस पर सवार हो गए
उसे कचहरी चलने का
आदेश दे दिया
में भी दौड़ कर उसी ऑटो में
सवार हो गया

गाड़ी आगे बढ़ी
मेरी भी वेदना बढ़ने लगी
मुझे तो लग रहा था कि
ये सब अस्पताल जाना है चाहते
पर कचहरी जाने कि बातें
मेरे समझ के बाहर हो गयी
खैर बात आयी गयी

कचहरी पहुँच कर मैंने
अपना काम निपटाया
पुनः वही से अपने कार्यालय
मुझे जाना भाया
तभी रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर
मेरी नजर पड़ी
देखा तो वह महिला वही थी खड़ी
निकट उसके वह वृद्ध
मरणासन्न था पड़ा
मैंने उत्सुकतावश
उस महिला से कहा
मैडम कौन है ये इन्हें यहाँ के बजाय
अस्पताल क्यों नहीं ले जाते
बोली पाहिले रजिस्ट्री तो करवा ले
पेपर सब तैयार होई रहा
एक घंटे में सब काम होई जाइये
तब बड़का बाबु के हम आराम से
अस्पताल ले जइबे
नहीं तअस्पताल के चक्कर में
हमरा सब काज अजिहे
बिगड़ जाइये

मै स्तब्ध हो गया
खेल अब सारा समझ में आ गया
मैंने कार्यालय जाना
स्थगित कर दिया था
पता करने पर उन्हें उस
वृद्ध का भतीजा पाया था
उस वृद्ध कि अपनी कोई
संतान नहीं थी
पत्नी दस वर्ष पूर्व ही भगवन को
प्यारी हो गयी थी
पिछले दो सप्ताह से उसकी भी
तबियत ख़राब चल रही थी
चाचा भातीचे के बीच संपत्ति को लेकर
रस्साकस्सी चल रही थी
पहले संपत्ति उसके नाम
करने कि शर्त पर ही
इलाज और आगे के सेवा की
बात तय हुई थी
इसी निमित्त उनसबका यहाँ आगमन था
मै विस्मृत सारा दृश्य
किसी सिनेमा की तरह देख रहा था
तभी वृद्ध के मुख से
एक गिलास पानी की आवाज आयी
बहू बोली तनिको मत घबराई
बस थोरिके देर मा
सब काम होई जाइये
तब तुमका हम पानी के बजाय
समोसा अउर लस्सी खियेबे

मैंने कहा भद्रे कम से कम
उन्हें पानी तो पिला दीजिये
उसने कहा की आप
बीच में ना ही पड़िए
अब सब काम होई गवा है
तोहे इतना चिंता काहे है
मैंने अफ़सोस से अपना गर्दन हिलाया
उसके लिए एक गिलास पानी के
इंतजाम में चला गया
लौटने पर उसकी गर्दन को बेलाग
एक और झुका देखा
मेरा माथा ठनका
तभी उसका bhateeja कागज लेकर
उसकी और हस्ताक्षर के लिए दौड़ा था
पर वह तो निढाल हो
शायद अपनी सहचरी के पास
चल दिया था

उन दोनों के कलेजे में
एक हूक सी उठती दिखी
उसे वही बेमुरवत छोड़
उन्होंने अपने घर की raah की थी

में शांत हो
एक गिलास पानी की
कीमत देख रहा था
भावनाओं पर आकांछाओं की
विजय को स्पष्ट
देख रहा था

शनिवार, 30 जुलाई 2011

रचनाधर्मिता के विविध आयामों को सहेजतीं : आकांक्षा यादव

ब्लागिंग-जगत में बहुत कम लोग ऐसे हैं, जो एक साथ ही प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में भी निरंतर छप रहे हैं. इन्हीं में से एक नाम है-आकांक्षा यादव जी का. आकांक्षा जी कॉलेज में प्रवक्ता के साथ-साथ साहित्य, लेखन और ब्लाॅगिंग के क्षेत्र में भी उतनी ही प्रवृत्त हैं।


इण्डिया टुडे, कादम्बिनी, नवनीत, साहित्य अमृत, वर्तमान साहित्य, अक्षर पर्व, अक्षर शिल्पी, युगतेवर, आजकल, उत्तर प्रदेश, मधुमती, हरिगंधा, पंजाब सौरभ, हिमप्रस्थ, दैनिक जागरण, जनसत्ता, अमर उजाला, राष्ट्रीय सहारा, स्वतंत्र भारत, राजस्थान पत्रिका, वीणा, अलाव, परती पलार, हिन्दी चेतना (कनाडा), भारत-एशियाई साहित्य, शुभ तारिका, राष्ट्रधर्म, पांडुलिपि, नारी अस्मिता, चेतांशी, बाल भारती, बाल वाटिका, गुप्त गंगा, संकल्य, प्रसंगम, पुष्पक, गोलकोंडा दर्पण इत्यादि शताधिक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित आकांक्षा यादव अंतर्जाल पर भी उतनी ही सक्रिय हैं. विभिन्न वेब पत्रिकाओं- अनुभूति, सृजनगाथा, साहित्यकुंज, साहित्यशिल्पी, वेब दुनिया हिंदी, रचनाकार, ह्रिन्द युग्म, हिंदीनेस्ट, हिंदी मीडिया, हिंदी गौरव, लघुकथा डाट काम, उदंती डाट काम, कलायन, स्वर्गविभा, हमारी वाणी, स्वतंत्र आवाज डाट काम, कवि मंच, इत्यादि पर आपकी रचनाओं का प्रकाशन निरंतर होता रहता है. विकिपीडिया पर भी आपकी तमाम रचनाओं के लिंक उपलब्ध हैं।


अपने व्यक्तिगत ब्लॉग 'शब्द-शिखर' के साथ-साथ पतिदेव कृष्ण कुमार जी के साथ युगल रूप में बाल-दुनिया, सप्तरंगी प्रेम, उत्सव के रंग ब्लॉगों का सञ्चालन उन्हें अग्रणी महिला ब्लागरों की पंक्ति में खड़ा करता है. इसके अलावा भी वे तमाम ब्लॉगों से जुडी हुयी हैं.

30 जुलाई, 1982 को सैदपुर, गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के एक प्रतिष्ठित परिवार में जन्मीं और सम्प्रति भारत के सुदूर अंडमान में हिंदी ब्लागिंग की पताका फहरा रहीं आकांक्षा जी न सिर्फ हिंदी को लेकर सचेत हैं बल्कि इसके प्रचार-प्रसार में भी भूमिका निभा रही हैं. दो दर्जन से अधिक प्रतिष्ठित पुस्तकों/ संकलनों में उनकी रचनाएँ प्रकाशित हो चुकी हैं तो आकाशवाणी से भी रचनाएँ तरंगित होती रहती हैं. नारी विमर्श, बाल विमर्श और सामाजिक मुद्दों से सम्बंधित विषयों पर आप प्रमुखता से लेखन कर रही हैं. कृष्ण कुमार जी के साथ "क्रांति-यज्ञ:1857-1947 की गाथा" पुस्तक का संपादन कर चुकीं आकांक्षा जी के व्यक्तित्व-कृतित्व पर चर्चित बाल-साहित्यकार डा. राष्ट्रबंधु द्वारा सम्पादित "बाल साहित्य समीक्षा (कानपुर)" पत्रिका ने विशेषांक भी जारी किया है।


विभिन्न प्रतिष्ठित सामाजिक-साहित्यिक संस्थानों द्वारा विशिष्ट कृतित्व, रचनाधर्मिता और सतत् साहित्य सृजनशीलता हेतु उन्हें दर्जनाधिक सम्मान, पुरस्कार और मानद उपाधियाँ प्राप्त हैं. भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा ‘वीरांगना सावित्रीबाई फुले फेलोशिप सम्मान‘, राष्ट्रीय राजभाषा पीठ इलाहाबाद द्वारा ’भारती ज्योति’, ‘‘एस0एम0एस0‘‘ कविता पर प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा पुरस्कार सहित तमाम सम्मान शामिल हैं. आकांक्षा जी के पतिदेव श्री कृष्ण कुमार यादव भी चर्चित साहित्यकार और ब्लागर हैं, वहीँ इस दंपत्ति की पुत्री अक्षिता (पाखी) भी 'पाखी की दुनिया' के माध्यम से अभिव्यक्त होती रहती है. सहजता और विनम्रता की प्रतिमूर्ति आकांक्षा यादव अपनी रचनाधर्मिता के बारे में कहती हैं कि-'' मैंने एक रचनाधर्मी के रूप में रचनाओं को जीवंतता के साथ सामाजिक संस्कार देने का प्रयास किया है. बिना लाग-लपेट के सुलभ भाव-भंगिमा सहित जीवन के कठोर सत्य उभरें, यही मेरी लेखनी की शक्ति है.''

आशा की जानी चाहिए कि आकांक्षा जी यूँ ही अपने लेखन में धार बनाये रखें, निरंतर लिखती-छपती रहें और हिंदी साहित्य और ब्लागिंग को समृद्ध करती रहें.

जन्म-दिन पर असीम शुभकामनाओं सहित...!!
_______________________________________________________
रत्नेश कुमार मौर्य :
जन्म- 14 जुलाई, 1977 को. मूलत: उत्तर प्रदेश के मऊ जनपद के निवासी. आरंभिक शिक्षा-दीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, जीयनपुर-आजमगढ़ और तत्पश्चात इलाहाबाद विश्वविद्यालय से दर्शन शास्त्र में परास्नातक. सम्प्रति उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन कौशाम्बी जनपद में अध्यापन पेशे में संलग्न. अध्ययन, लेखन का शौक. फ़िलहाल इलाहाबाद में निवास. दर्शन शास्त्र का विद्यार्थी होने के चलते कई बार यह जीवन भी दर्शन ही लगने लगता है.अंतर्जाल पर ‘शब्द-साहित्य’ ब्लॉग के माध्यम से सक्रियता !!

गुरुवार, 28 जुलाई 2011

सुक्खू चाचा की अंतिम थाली








माँ के बुलावे पर


पिछले दिनों मै गाँव गया था


सुबह अपनी बखरी में बैठा


चाय पी रहा था


बबलू दादी दादी चिल्लाते हुए


घर के अन्दर गया


मुझे लगा कि इसे क्या हो गया


तभी देखा पीछे से सुक्खू चचा


अपने कंधे पर झोला डाले


धीरे धीरे आ रहे थे


मुझे अपने बचपन में लिए जा रहे थे




हाँ तक़रीबन हर इतवार को ही


वह सिल बट्टे को कूटने


गाँव में चले आते थे


पैसे के साथ ही भरपेट भोजन पाते थे


एक गाँव कि खबर को


दूसरे गाँव पहुचाते थे


एक बेफिक्र अलमस्त जीवन के साक्षी बने


जो कुछ भी कमाते थे


उसी से संतोष कर ठीकठाक


परिवार चलाते थे


पर इधर काफी महीनो बाद


उनसे मुलाकात हुई


पास बैठने पर हाल चाल के साथ


तमाम तरह की बात भई


कहने लगे बिटवा तू त


द्विज क चाँद होई गवा


अइसन पढ़ लिख लिया कि हमन के


एकदमे भूल गवा


कहा दद्दा इ दाल रोटी क मजबूरी हौ


वरना इ कौन दूरिये हौ


शहर में तो हमरो दम घुटत है


यहाँ तो फिर भी साफ ताज़ी हवा मिलत है




तभी अम्मा बाहर निकली


बोली सुक्खू अब तोहर जरूरत नइखे


बडका बेटवा नॉएडा वाला


एक मिक्सी दीन है लाइके


उ बिजली से चलत है


सिलबट्टा से बढ़िया कम करत है


सब कम फटाफट समेटत है


अब तो सिल बट्टा वैसे ही पड़ा है


रुका आइल हौवा त खाना


कम से कमखायके जैया


आगे से तू भले ही मत आइय





सुन सुक्खू चचा को लगा कि जैसे


काठ मार गया


गिरते गिरते उन्होंने दीवाल थाम लिया


बोले सहूईन एहे त दू चार घर बचा रहा


जेकर हमका असरा रहा


जिनगी हत गयल ई पिसे वाली मशिनिया से


कैसे जियल जाई हमअन से


लगत आ कि इहो गाँव अब छूटिये जाई


कैसे जिनगी कटी हो माई


मेरी और देख बोले बेटवा


हमरे जिम्मे दस गाँव रहा


एक एक कर सब छुट रहा


ई मशीन त मारसकि पाहिले


खेत खलिहान क मजदूरी छुड़वा


थोड़ा जौन ई सब बचा रहा


ओहून में आग लगावा
कहते हुए सुक्खू चाचा


बैठ गए धम्म से जमीन पर


तभी माँ अन्दर से ले आयी दाल रोटी


और प्याज थाली में परोसकर



अनमने मन से सुखु ने


थाली को थाम लिया


कोरो से आंसुओं को रोकने कि


असफल चेष्टा करता रहा


अपने गंदे गमछे से उन्हें पोछता हुए


बेमन से खाना शुरू कर दिया


मै मौन पूरे घटना चक्र को


यंत्रवत देख रहा था


चूँकि मुझे भी आज शहर निकलना था


अतः माँ ने भोजन कि एक थाली मुझे


भी परोस दिया था


मै कभी सुखु चाचा को


कभी अपने घर में उनकी


इस अंतिम थाली को देख रहा था


उनकी भावनाओं में


उनके साथ बह रहा था


भोजन में तो जैसे मन ही


नहीं रम रहा था


किसी तरह उदरपूर्ति का प्रयास कर रहा था




साथ ही देख रहा था


मरते हुए इन गरीब


भारतीय कामगारों को


बाजारवाद के प्रभाव से


जो मार रहा था इन्हें बेभाव से


सोचता बेशक बाजारवाद ने जहाँ दिया


हमें बहुत कुछ है


पर बदले में छीना भी


हमसे काफी कुछ है






सोमवार, 25 जुलाई 2011

संवेदनशून्यता



किनारे सड़क के
पड़ा वह कराह रहा था
चोट इस कदर था कि
रह रह कर बिलबिला रहा था
संवेदना शून्य लोगो का
आवागमन अबाध जारी था
सबका हृदय मानो
पाषाण वत हो गया था
कुछ हिम्मत करके रुकते
देख आहें भरते
हमदर्दी जाहिर कर कुछ सोच
पुनः आगे बढते

एक आवश्यक कार्य से निकला
मैं भी उस भीड़ का हिस्सा बना
रुक गए मेरे कदम
देख उसे बेदम
आरजू कितनो से की कि रुके
उसे अस्पताल पहुचाने में
मेरी सहायता करे
पर किसी के कान पर
देखा नहीं जू रेगते
तभी दो भिक्छुक यात्रियों ने
मेरा हाथ बटाया
उसे समय से अस्पताल पहुँचाकर
मेरे काम को आसान बनाया

उसकी जेब से मिले
डायरी कीसहायता से मैंने
उसके घर वालों को खबर कर दिया था
स्वयं इमरजेंसी के बाहर बैठ
उनकी प्रतीक्षा कर रहा था रहा
इस मूल्यहीनता का कारण खोजता रहा
कभी देवदत्त द्वारा एक पक्षी को
घायल करने व पुनः सिद्धार्थ द्वारा
उसे बचाने के इतिहास के निहितार्थ को
वर्तमान परिवेश से जोड़ता रहा
कभी एक भयाक्रांत आवाज पर
जहाँ रहबरों के भी पांव
ठिठक जाते रहे
आज वही राहगीरों के
कदम भी रुकने से रहे
मुंह में पान का दे नेवाला
कानूनी दांव पेच का दे हवाला
अपने नैतिक कर्तव्यों और
सामाजिक दायित्वों से
कर लिया किनारा

थामे विकास का दामन
आज मानव वैश्विक व्यावसायिक करण का
शिकार बन चुका है
निज स्वार्थ में इस कदर रम चुका है
कि उस विकास के नेपथ्य से दिखती
मानवीय मूल्यों की विनाशलीला
उसे दिखाई नहीं देती
ऐसी किसी भी घटना या दुर्घटना का
पड़ता नहीं उस पर कोई असर
सीना ताने विकास कि राह पर
चलता वह बेखबर
ऐसी घटनाओं या इनकी पुनरावृत्ति पर
निश्चित ही यह महानगरों की
भागती जीवनशैली का प्रभाव है
जहाँ येन केन एक दूसरे के सर पर
रख कर पैर आगे बढ़ना ही
मानव का स्वभाव है
छोडो कौन पड़े झमेले में के
जुमले का अनुगामी बनता है
सोचता नहीं कि कभी वह भी
ऐसी घटनाओ का पात्र बन सकता है
तब ऐसे जुमले कि आवृति के कारण
अपने परिवार को
अनाथ छोड़ सकता है
उपरांत इसके हमें आदत पड़ गयी है
हर मूल्यहीनता को मानते
पश्चिम कि देन
जबकि सच्चाई पश्चिम आज भी
हमारे संपन्न अतीत के कारण को
जानने को है बेचैन
जिसे हम त्याग करते है
विकसित होने का दावा
कवल गट्टेको त्याग
कमल डंडियों का कर चयन
देते स्वयं को छलावा

शुक्रवार, 22 जुलाई 2011

आज कि सावित्री


अपने मित्र सुमित के
डेल्ही बेल्ली देखने के आमंत्रण पर
शहर के एक मल्टी प्लेक्स के
भूतल पर
हम टिकट के लिए लाइन में थे
भाई साहेब प्लीज
दो टिकट हमारी भी ले ले
संबोधन सुन मै अचकचा गया
पास में एक नौजवान को
ह्वील चेयर पर पाया
साथ में निर्विकार भाव से
चेयर को संभालते हुए
उसके बालों को सवारते एक
सभ्य सुगढ़ युवती दिखी
सहानुभूति वस मैंने
उनकी टिकट लेली
इसी बीच कई अज्ञात आंखे
हमें घूरती रही

औपचारिक धन्यवाद् प्राप्त कर
हम दोनों हाल की ओर चल दिए
चाह कर भी आगे उनकी
सहायता करने से बचते रहे
पुनः भाई साहेब की आवाज आयी
उसने एक बार और
सहायता कि गुहार लगाई
विचलित पुनः मन यह देख कि
वह दोनों पैर से पंगु था
स्वयं से उठ तक नहीं पा रहा था
किसी तरह हमने उक्त युवक को
सहारा दे उसे उसकी
सीट पर बिठाया

इसी बीच पिक्चर
प्रारंभ हो गया था
पर मेरा चिंतनशील और खोजी मन
रह रह कर उन्ही पर जा रहा था
उनके बीच पति पत्नी का सम्बन्ध
उनके आपसी वार्तालाप से
स्पष्ट हो गया था
बड़े ही जतन से एक दूसरे के हाथो को
अपने हाथ में लिए
वे पिक्चर देखते
बड़े प्रेम से आपस में
परिचर्चा करते
परदे पर दी जा रही तथाकथित
हर गालीयों पर अपनी
प्रतिक्रिया व्यक्त करते
बीच बीच में पत्नी उसे
कोल्डड्रिंक और स्नेक्स बड़े प्यार से
अपने हाथों से सर्व करती
रह रह कर उसके बालों में
उंगलिया फिराते हुए
बालों को बुहारती
कहीं से भी बनावटी नहीं
लग रही थी
साक्षात् सत्यवान की
आधुनिक सावित्री दिख रही थी

एकबारगी तो मुझे भी लगा
कि कहीं मै स्वप्न तो नहीं देख रहा
आज के परिवेश में ऐसे पति के साथ
ऐसा सामंजस्य एक कल्पना ही तो रहा

मै भावुक हो पिक्चर कम
उन्हें ज्यादा देख रहा था
शुन्य में ताकता निमग्न सोच रहा था
क्या ये आधुनिका कल्पित
भारतीय नारी है
विकलांग पति पर लुटा रही
खुशियाँ सारी है
आखिर यह इसे कौन सा भौतिक
या दैहिक सुख दे रहा होगा
इसे तो बस कष्ट ही कष्ट
हो रहा होगा
तभी लगा कि अगर यह
मेरे द्वारा कल्पित कष्ट पा रही होती
तो घर में ही सीडी पर पति को
वांछित पिक्चर दिखा दी होती
न कि इतने समर्पित ढंग से
पति के बड़े परदे पर
पिक्चर देखने कि इक्षा को
साकार कर रही होती

मेरे सामने सागर सा शांत
धीर निश्छल निस्वार्थ अप्नत्वा से भरा
सच्चा प्यार आकार लेने लगता है
जो इन सब से कहीं दूर
केवल मन की ही बात सुनता है
व स्थापित मानको और मापदंडो से
ऊपर का अहसास होता है
जो किसी किसी को ही
नसीब होता है

बेशक है इतिहास का सत्यवान तो
फिर भी सर्वांगसुंदर था
आधुनिक सत्यवान विकलांग
मगर भाग्यवान बन
मेरे सामने विराजित था
इस आधुनिक सावत्री का आचरण
इतिहास कि सावित्री पर भारी था
अभी तक तो मै वर्तमान परिवेश में
आधुनिकता के नाम पर
वैभव विलास और स्वार्थ में
आकंठ डूबे रिश्तों को जहाँ
तार तार होते देख रहा था
पर आज उन्ही रिश्तों के मध्य
तपती रेत के बीच
वारिस कि फुहारों कि मानिंद
प्रोफेश्न्लिस्म मानसिकता के ज़माने के मध्य
उस आधुनिक नारी के भावों को देख
श्रद्धा से नतमस्तक हो गया था

इतने पश्चिमी विप्लव के उपरांत भी
अपने अतीत की बची हुई
संस्कृति पर एक बार
पुनः मुझे गर्व हुआ था

गुरुवार, 14 जुलाई 2011

कैसे-कैसे शौक

दिन था इतवार का
आराम के इजहार का
मीठे सपनो संग सो रहे थे
टूटे ख्यालों मे खो रहे थे
तभी ग्रहमंत्री ने झकझोर दिया था
हमको उठने का जोर दिया था

बोली भोर भयी सोते ही रहोगे
क्या सपनो मे खोते ही रहोगे
घर का सारा काम बकाया
दिनकर कितना ऊपर चढ़ आया

जाओ चाहे लौट नहाना
कुछ गेहूं हैं आज पिसाना
हर दिन तो दफतर जाते हो
पर छुट्टी मे घर मे घुस जाते हो
हमको चाहे न ले जाना
पर बच्चों को है आज घुमाना
इतना सुनकर हम उठ जागे
झटपट शौचालय को भागे

दैनिक क्रिया से निपट चुके तब
मीठी वाणी मे हमसे बोले सब
मिलकर जोर बजाओ ताली
अब जायेंगे हम आम्रपाली

यही सोच कर कदम बढ़े
पड़ोसी के घर जा ठहरे
सोचा कुछ उन्हे बता डालें
पर वहां नही दिखे चेहरे

आवाज सुनी आई बाला
जिसे देख पड़ा लब पर ताला
पूंछा उससे सब गये कहां
तुम तड़प रही हो यहां वहां
वह बोली होकर मतवाली
सब गये आज आम्रपाली
कह गये मुझे तुम रूको यहीं
घर की मांजो जूठी थाली

घर लौटे हम बनकर भोले
ग्रहणी से हंस कर बोले
जल्दी भी करो हे भाग्यवान
न छोड़ो चितवन की कमान

ऐसा भी न सिंगार करो
जो दर्पण भी जाये हार
कितने तो छाती पीटेंगे
कितने झट मारेंगे कटार

ग्रहणी मुस्का कर बोली
अब अजी रहो तुम चुपचाप
मेरे मन का तो कर न सके
नित देते नये.- नये संताप
ग्रहणी के ऐसे बचन सुने
झटपट होठों को सी डाला
हम अक्स देख भये मूर्क्षित
जैसे देखी हो “मधुशाला ”

टैम्पो से जैसे ही उतरे
झट से सम्मुख आया माली
चाहे ले लो गलहार पुष्प
चाहे लो कानो की बाली
बाबूजी बीबी यदि पहनेगीं
तो लगेंगी जैसी मधुबाला
“मधुबाला” भी शर्मायेंगी
लगेंगी कोई सुरबाला


यह सुनकर रणचन्डी प्रगटीं
हुंकार भरी ली अंगड़ाई
बोली जा पामर भाग अभी
क्या तेरी है शामत आई
बोली जा पामर भाग-भाग
नही ऐसी खैर बनाऊंगी
निज पावों की ऊँची सैंडिल को
तेरे सिर पर सैर कराऊंगी


आम्रपाली के फाटक पर
दर्शक दीर्घा की भीड़ भयी
लम्बी लाइनो को देख-देख
हमारी गति तो अति क्षीण भयी
मौके का फायदा पा करके
बहती गंगा मे हाथ धुले
दर्शक दीर्घा मे समाय गये
और अन्दर बिना टिकट निकले
अन्दर अचरज मे डूब गये


तेजी से फड़क उठा गुर्दा
पल भर के लिये हम भूल गये
कि हम जिन्दा हैं या मुर्दा
चहुँ ओर रंगीन फौहारे थे
सुर बालायें थीं भीग रहीं
रंगीन नजारा देख देख
थीं श्रीमती जी खीझ रहीं

एक सुन्दर सी बेन्च पर
लिया श्रीमती ने आसन
लगा रहे थे वहीं पर
एक मोटे जी पद्मासन


बोले देवी जी दूर रहो
मैं हूँ ध्यान योग मे डूबा
चंचल चितवन को कैद करो
मुझपर नजर रखे महबूबा
उतार वस्त्र जब तरण ताल मे
सब बच्चे लगे नहाने
उछल-उछल कर कूद-कूद कर
लगे खुद पर ही इठलाने
सोचा कहीं आसन ग्रहण करें
दें दें तन को आराम
स्थान मिला पर कहीं नही
हम खड़े रहें विश्राम


तभी हमारी कमर पर
हुआ जोर से वार
विकराल विकट सम वार से
निज कमर गई थी हार
एक मोटी मोहतरमा ने
किया था एक्सीडेन्ट
कमर के एक ही वार ने
भू पर कर दिया परमानेन्ट

वो बोली क्या अन्धे हो
या सूरदासी औलाद
हम सोच रहे थे खड़े-खड़े
ये कमर है या फौलाद
मै बोला मोहतरमा जी
तुम क्यों खाती हो तैस
दूर से तुम लगती हो हिरनी
और पास से लगती भैंस

मेरी पतली सी कमर पर
तुमने किया अटैक
दिल की धड़कन भी तीव्र हुई
पर हुआ न हार्ट अटैक


वो बोली इस तरह से
हमे न दीजिये गाली
एड़ी चोटी के जतन से
हम पहुंचे आम्रपाली

हमारे घर के कोने मे
जितनी थी फूटी थाली
ढेर लगा कर झटपट ही
कल्लू कबाड़ी को दे डाली

उन थलियों के विक्रय से
जो रकम थी हमने पाई
आम्रपाली घूमने की थी
हमने स्कीम बनायी


इसीलिये सजना के संग
मै पहुंची आम्रपाली
तुमने तो आज बढ़ा डाली
मेरे गालों की लाली


हमने सोचा इस दुनिया मे
हैं कैसे-कैसे शौकीन
”भारती“ कैसा भी समय रहे
पर रहते हैं रंगीन !!

-एस.आर.भारती

मंगलवार, 12 जुलाई 2011

Main aur Mera Idol


Navbharat Youth World Ne
12 Julye ke ank me Mujhe
Main aur Mera Idol
Ratan Tata ji ke saath Chuna hai.

सोमवार, 11 जुलाई 2011

मीडिया के लोगों का साथ मिले



हिन्दी जर्नलिस्ट असोसिएषन ने मुझे उत्तर प्रदेष का संयोजक मनोनीत किया है। मैं कोषिष करूंगा कि सभी मीडिया के लोगों का साथ मिले और हम अपने अधिकार को पा सकें।

बुधवार, 6 जुलाई 2011

सम्मान



डा रमेश कुमार निर्मेश को हिंदी में उत्कृष्ट कार्य के लिए हिंदी साहित्य के शलाका पुरुष प्रो नामवर सिंह द्वारा कुलपति कशी हिन्दू विश्वविद्यालय की उपस्थिति में सम्मानित किया गया

मंगलवार, 28 जून 2011

चर्चित साहित्यकार व ब्लॉगर कृष्ण कुमार यादव के संपादन में प्रकाशित 'सरस्वती सुमन' का लघुकथा अंक अंडमान में लोकार्पित

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्टब्लेयर में सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था ‘चेतना’ के तत्वाधान में स्वर्गीय सरस्वती सिंह की 11 वीं पुण्यतिथि पर 26 जून, 2011 को मेगापोड नेस्ट रिसार्ट में आयोजित एक कार्यक्रम में देहरादून से प्रकाशित 'सरस्वती सुमन' पत्रिका के लघुकथा विशेषांक का विमोचन किया गया. इस अवसर पर ''बदलते दौर में साहित्य के सरोकार'' विषय पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री एस. एस. चौधरी, प्रधान वन सचिव, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अध्यक्षता देहरादून से पधारे डा. आनंद सुमन 'सिंह', प्रधान संपादक-सरस्वती सुमन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कृष्ण कुमार यादव, निदेशक डाक सेवाएँ, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, डा. आर. एन. रथ, विभागाध्यक्ष, राजनीति शास्त्र, जवाहर लाल नेहरु राजकीय महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर एवं डा. जयदेव सिंह, प्राचार्य टैगोर राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर उपस्थित रहे. कार्यक्रम का आरंभ पुण्य तिथि पर स्वर्गीय सरस्वती सिंह के स्मरण और तत्पश्चात उनकी स्मृति में जारी पत्रिका 'सरस्वती सुमन' के लघुकथा विशेषांक के विमोचन से हुआ. इस विशेषांक का अतिथि संपादन चर्चित साहित्यकार और द्वीप समूह के निदेशक डाक सेवा श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा किया गया है. अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एवं द्वीप समूह के प्रधान वन सचिव श्री एस.एस. चौधरी ने कहा कि सामाजिक मूल्यों में लगातार गिरावट के कारण चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई है । >ऐसे में साहित्यकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से जन जागरण अभियान शुरू करना चाहिए । उन्होंने कहा कि आज के समय में लघु कथाओं का विशेष महत्व है क्योंकि इस विधा में कम से कम शब्दों के माध्यम से एक बड़े घटनाक्रम को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के 126 लघुकथाकारों की लघुकथाओं और 10 सारगर्भित आलेखों को समेटे सरस्वती सुमन के इस अंक का सुदूर अंडमान से संपादन आपने आप में एक गौरवमयी उपलब्धि मानी जानी चाहिए.

युवा साहित्यकार एवं निदेशक डाक सेवा श्री कृष्ण कुमार यादव ने बदलते दौर में लघुकथाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भूमण्डलीकरण एवं उपभोक्तावाद के इस दौर में साहित्य को संवेदना के उच्च स्तर को जीवन्त रखते हुए समकालीन समाज के विभिन्न अंतर्विरोधों को अपने आप में समेटकर देखना चाहिए एवं साहित्यकार के सत्य और समाज के सत्य को मानवीय संवेदना की गहराई से भी जोड़ने का प्रयास करना चाहिये। श्री यादव ने समाज के साथ-साथ साहित्य पर भी संकट की चर्चा की और कहा कि संवेदनात्मक सहजता व अनुभवीय आत्मीयता की बजाय साहित्य जटिल उपमानों और रूपकों में उलझा जा रहा है, ऐसे में इस ओर सभी को विचार करने की जरुरत है.

संगोष्ठी को आगे बढ़ाते हुए डा. जयदेव सिंह, प्राचार्य टैगोर राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर ने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में समग्रता के स्थान पर सीमित सोच के कारण उन विषयों पर लेखन होने लगा है जिनका सामाजिक उत्थान और जन कल्याण से कोई सरोकार नहीं है । केंद्रीय कृषि अनुसन्धान संस्थान के निदेशक डा. आर. सी. श्रीवास्तव ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि आज बड़े पैमाने पर लेखन हो रहा है लेकिन रचनाकारों के सामने प्रकाशन और पुस्तकों के वितरण की समस्या आज भी मौजूद है । उन्होंने समाज में नैतिकता और मूल्यों के संर्वधन में साहित्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला । डा. आर. एन. रथ, विभागाध्यक्ष, राजनीति शास्त्र, जवाहर लाल नेहरु राजकीय महाविद्यालय ने अंडमान के सन्दर्भ में भाषाओँ और साहित्य की चर्चा करते हुए कहा कि यहाँ हिंदी का एक दूसरा ही रूप उभर कर सामने आया है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि साहित्य का एक विज्ञान है और यही उसे दृढ़ता भी देता है.अंडमान से प्रकाशित एकमात्र साहित्यिक पत्रिका 'द्वीप लहरी' के संपादक डा. व्यास मणि त्रिपाठी ने ने साहित्य में उभरते दलित विमर्श, नारी विमर्श, विकलांग विमर्श को केन्द्रीय विमर्श से जोड़कर चर्चा की और बदलते दौर में इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया. उन्होंने साहित्य पर हावी होते बाजारवाद की भी चर्चा की और कहा कि कला व साहित्य को बढ़ावा देने के लिए लोगों को आगे आना होगा। पूर्व प्राचार्य डा. संत प्रसाद राय ने कहा कि कहा कि समाज और साहित्य एक सिक्के के दो पहलू हैं और इनमें से यदि किसी एक पर भी संकट आता है, तो दूसरा उससे अछूता नहीं रह सकता।

कार्यक्रम के अंत में अपने अध्यक्षीय संबोधन में ‘‘सरस्वती सुमन’’ पत्रिका के प्रधान सम्पादक डाॅ0 आनंद सुमन सिंह ने पत्रिका के लघु कथा विशेषांक के सुन्दर संपादन के लिए श्री कृष्ण कुमार यादव को बधाई देते हुए कहा कि कभी 'काला-पानी' कहे जानी वाली यह धरती क्रन्तिकारी साहित्य को अपने में समेटे हुए है, ऐसे में 'सरस्वती सुमन' पत्रिका भविष्य में अंडमान-निकोबार पर एक विशेषांक केन्द्रित कर उसमें एक आहुति देने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि सुदूर विगत समय में राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तमाम घटनाएं घटी हैं और साहित्य इनसे अछूता नहीं रह सकता है। अपने देश में जिस तरह से लोगों में पाश्चात्य संस्कृति के प्रति अनुराग बढ़ रहा है, वह चिन्ताजनक है एवं इस स्तर पर साहित्य को प्रभावी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने रचनाकरों से अपील की कि वे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य समाज के निर्माण में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाएं। इस अवसर पर डा. सिंह ने द्वीप समूह में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए और स्व. सरस्वती सिंह की स्मृति में पुस्तकालय खोलने हेतु अपनी ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के आरंभ में संस्था के संस्थापक महासचिव दुर्ग विजय सिंह दीप ने अतिथियों और उपस्थिति का स्वागत करते हुए आज के दौर में हो रहे सामाजिक अवमूल्यन पर चिंता व्यक्त की । कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया और संस्था की निगरानी समिति के सदस्य आई.ए. खान ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विभिन्न द्वीपों से आये तमाम साहित्यकार, पत्रकार व बुद्धिजीवी उपस्थित थे.

प्रस्तुति : दुर्ग विजय सिंह दीप
संयोजक- 'चेतना' (सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था)
उपनिदेशक- आकाशवाणी (समाचार अनुभाग)
पोर्टब्लेयर -744102

अपराध बोध




पापा की पूरी
रिपोर्ट आ चुकी थी
डाक्टर के चेहरे पर चिंता की लकीरें
स्पष्ट दीख रही थी
मुझको अन्दर आने का
इशारा करते हुए डाक्टर शाह
अपने केबिन में गए
मैंने भी उनका अनुगमन किया
पापा को धीरज देते हुए

रमेशजी स्थिति बहुर नाजुक है
आपको तुरंत एम्स जाना होगा
अर्टेरीज में तीन जगह रुकावट है
अन्जियोप्लास्टी तुरंत कराना होगा
खर्च की बात पर
लगभग पाँच से सात लाख
रुपये व्यय होने का
अनुमान उन्होंने बताया
सुनकर मुझे मेरा सर तेजी से
घूमता नजर आया

अभी पिछले ही महीने
अक्षता का व्याह मैंने तय किया था
बड़ी मुश्किल से एक इंजीनिर लडके से
रिश्ता सात लाख में पक्का हुआ था
अभी तक मै उन्ही रुपये को
जुटाने में परेशान था
बड़े प्रयास के उपरांत
पाँच लाख रुपये इकठ्ठा करने में
किसी तरह सफल हुआ था
शेष के लिए में बीते कल तक
प्रयासरत था
कि तभी कोढ़ में खाज का
अहसास हुआ

एक और बेटी के विवाह के रूप में
अपना भविष्य और सामाजिक दायित्व
सामने दीख रहा था
दूसरी ओर पिता के रूप में
अपना अतीत मेरी बेबसी पर
खुलकर हस रहा था
अजीब अंतर्द्वंद्व में फ़सा अक्षम
मै कोई निर्णय नहीं ले पा रहा था
रह रह कर पापा की याचना भरी
असहाय आंखे मुझे रुला रही थी
उनके भीगें चक्षुओं में
जीने की इच्छा निःसंदेह
स्पष्ट नजर आ रही थी

एक ओर जहाँ बेटी के साथ
बिताये बचपन की एक एक यादें
चलचित्र कि तरह सामने
घूमती नजर आ रही थी
कागज की कश्ती और
बारिस के पानी के साथ
उसके गुड्डे गुड़ियों कि शादी भी
हमें खूब रुला रही थी

वही सिद्दत से याद आ रहा था
किस तरह पापा के कंधे पर चढ़
गाँव से दस मील दूर
मेला देखने जाया करता था
क्या पापा कभी थकने नहीं थे
या कि थकने के बावजूद मुझे दर्द न हो
इसलिए कभी कहते नहीं थे
पहली में नाम लिखाने के लिए
जो मै उनके कंधे पर चढ़ा
तो कम से कम पाचवी तक नहीं उतरा
याद आने लगे
मुफलिसी के ओ दिन भी
जब सूखे ने सब कुछ छीन लिया था
पर पापा पर मुझे पढ़ाकर
बड़ा आदमी बनाने का भूत
एक संकल्प के रूप में सवार था
इस राह में आये कितनी भी कठिनाई
उन्हें कोई परवाह नहीं था
मेरे लिए कर चावल और दाल के साथ
सब्जी का इंतजाम
स्वयं खाते थे चावल को
माड़ में सान
दूध और फल तो उनके लिए
दूर की बात थी
फिर भी मौका मिलते ही
मेरे लिए क्या बात थी

यही सब सोचते सोचते
अतीत में डूबते उतराते
ऑंखेंबरबस भर आयी
अंतर्मन से पहले अतीत के रूप में
पापा को बचाने कि आवाज आयी
अक्षता के विवाह को फ़िलहाल
भगवान् की इच्छा पर छोड़कर
अतीत कि सुदृढ़ नीव पर
भविष्य का भवन बनाने का
दृढ निश्चय कर लिया
चल पड़ा स्टेशन को
दिल्ली के रिजर्वेसन के लिए
लाइन में खड़ा हो गया

अपनी बारी का बेसब्री से
इंतजार करता रहा
एकाएक मोबाइल की घंटी बजने से
में घबरा गया
उधर से पत्नी कि रुआंसी भयमिश्रित
हलकी खनकती सी
दिल को चीरती आवाज आयी
पापा अब नहीं रहे की बात बताई
मै यंत्रवत शून्य में देखता रहा
अपने गालों को स्वतः पीटता रहा
रोऊँ या हसू सोचता रहा

किसी तरह अपने को संयत कर
भारी कदमो से वापस घर को लौट चला
एक तरफ पापा को बचाने में
असफल होने पर स्वयं को जी भर कर
जहाँ कोसता रहा
वही दूसरी और मुझे लगा कि
एकबार पुनः पापा का स्नेह
मुझ पर भारी रहा
पापा की अभावग्रस्त मौत ने
मरते दम तक एक पिता अपने पुत्र को
कभी विपदाग्रस्त देख नहीं सकता
की लोकोक्ति को पुनः सिद्ध कर दिया था
पर पापा का मुझे मेरे इस
दुविधा और अंतर्द्वंद्व से इस तरह मुक्त करना
बेशक मुझे एक अपराध बोध से
ग्रस्त कर दिया था
साथ ही जीवन भर के लिए
एक न भरने वाली
टीस दे गया था

समंदर के बीच से

'सरस्वती सुमन' के लघु कथा विशेषांक का विमोचन और ''बदलते दौर में साहित्य के सरोकार'' विषय पर संगोष्ठी

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की राजधानी पोर्टब्लेयर में सामाजिक-सांस्कृतिक संस्थाचेतनाके तत्वाधान में स्वर्गीय सरस्वती सिंह की 11 वीं पुण्यतिथि पर 26 जून, 2011 को मेगापोड नेस्ट रिसार्ट में आयोजित एक कार्यक्रम में देहरादून से प्रकाशित 'सरस्वती सुमन' पत्रिका के लघुकथा विशेषांक का विमोचन किया गया. इस अवसर पर ''बदलते दौर में साहित्य के सरोकार'' विषय पर संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री एस. एस. चौधरी, प्रधान वन सचिव, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, अध्यक्षता देहरादून से पधारे डा. आनंद सुमन 'सिंह', प्रधान संपादक-सरस्वती सुमन एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री कृष्ण कुमार यादव, निदेशक डाक सेवाएँ, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, डा. आर. एन. रथ, विभागाध्यक्ष, राजनीति शास्त्र, जवाहर लाल नेहरु राजकीय महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर एवं डा. जयदेव सिंह, प्राचार्य टैगोर राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर उपस्थित रहे.

कार्यक्रम का आरंभ पुण्य तिथि पर स्वर्गीय सरस्वती सिंह के स्मरण और तत्पश्चात उनकी स्मृति में जारी पत्रिका 'सरस्वती सुमन' के लघुकथा विशेषांक के विमोचन से हुआ. इस विशेषांक का अतिथि संपादन चर्चित साहित्यकार और द्वीप समूह के निदेशक डाक सेवा श्री कृष्ण कुमार यादव द्वारा किया गया है. अपने संबोधन में मुख्य अतिथि एवं द्वीप समूह के प्रधान वन सचिव श्री एस.एस. चौधरी ने कहा कि सामाजिक मूल्यों में लगातार गिरावट के कारण चिंताजनक स्थिति पैदा हो गई है ऐसे में साहित्यकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से जन जागरण अभियान शुरू करना चाहिए उन्होंने कहा कि आज के समय में लघु कथाओं का विशेष महत्व है क्योंकि इस विधा में कम से कम शब्दों के माध्यम से एक बड़े घटनाक्रम को समझने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि देश-विदेश के 126 लघुकथाकारों की लघुकथाओं और 10 सारगर्भित आलेखों को समेटे सरस्वती सुमन के इस अंक का सुदूर अंडमान से संपादन आपने आप में एक गौरवमयी उपलब्धि मानी जानी चाहिए.

युवा साहित्यकार एवं निदेशक डाक सेवा श्री कृष्ण कुमार यादव ने बदलते दौर में लघुकथाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि भूमण्डलीकरण एवं उपभोक्तावाद के इस दौर में साहित्य को संवेदना के उच्च स्तर को जीवन्त रखते हुए समकालीन समाज के विभिन्न अंतर्विरोधों को अपने आप में समेटकर देखना चाहिए एवं साहित्यकार के सत्य और समाज के सत्य को मानवीय संवेदना की गहराई से भी जोड़ने का प्रयास करना चाहिये। श्री यादव ने समाज के साथ-साथ साहित्य पर भी संकट की चर्चा की और कहा कि संवेदनात्मक सहजता अनुभवीय आत्मीयता की बजाय साहित्य जटिल उपमानों और रूपकों में उलझा जा रहा है, ऐसे में इस ओर सभी को विचार करने की जरुरत है


संगोष्ठी को आगे बढ़ाते हुए डा. जयदेव सिंह, प्राचार्य टैगोर राजकीय शिक्षा महाविद्यालय, पोर्टब्लेयर ने कहा कि साहित्य के क्षेत्र में समग्रता के स्थान पर सीमित सोच के कारण उन विषयों पर लेखन होने लगा है जिनका सामाजिक उत्थान और जन कल्याण से कोई सरोकार नहीं है केंद्रीय कृषि अनुसन्धान संस्थान के निदेशक डा. आर. सी. श्रीवास्तव ने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि आज बड़े पैमाने पर लेखन हो रहा है लेकिन रचनाकारों के सामने प्रकाशन और पुस्तकों के वितरण की समस्या आज भी मौजूद है उन्होंने समाज में नैतिकता और मूल्यों के संर्वधन में साहित्य के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला डा. आर. एन. रथ, विभागाध्यक्ष, राजनीति शास्त्र, जवाहर लाल नेहरु राजकीय महाविद्यालय ने अंडमान के सन्दर्भ में भाषाओँ और साहित्य की चर्चा करते हुए कहा कि यहाँ हिंदी का एक दूसरा ही रूप उभर कर सामने आया है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि साहित्य का एक विज्ञान है और यही उसे दृढ़ता भी देता है.

अंडमान से प्रकाशित एकमात्र साहित्यिक पत्रिका 'द्वीप लहरी' के संपादक डा. व्यास मणि त्रिपाठी ने ने साहित्य में उभरते दलित विमर्श, नारी विमर्श, विकलांग विमर्श को केन्द्रीय विमर्श से जोड़कर चर्चा की और बदलते दौर में इसकी प्रासंगिकता को रेखांकित किया. उन्होंने साहित्य पर हावी होते बाजारवाद की भी चर्चा की और कहा कि कला साहित्य को बढ़ावा देने के लिए लोगों को आगे आना होगा। पूर्व प्राचार्य डा. संत प्रसाद राय ने कहा कि कहा कि समाज और साहित्य एक सिक्के के दो पहलू हैं और इनमें से यदि किसी एक पर भी संकट आता है, तो दूसरा उससे अछूता नहीं रह सकता।

कार्यक्रम के अंत में अपने अध्यक्षीय संबोधन में ‘‘सरस्वती सुमन’’ पत्रिका के प्रधान सम्पादक डाॅ0 आनंद सुमन सिंह ने पत्रिका के लघु कथा विशेषांक के सुन्दर संपादन के लिए श्री कृष्ण कुमार यादव को बधाई देते हुए कहा कि कभी 'काला-पानी' कहे जानी वाली यह धरती क्रन्तिकारी साहित्य को अपने में समेटे हुए है, ऐसे में 'सरस्वती सुमन' पत्रिका भविष्य में अंडमान-निकोबार पर एक विशेषांक केन्द्रित कर उसमें एक आहुति देने का प्रयास करेगी. उन्होंने कहा कि सुदूर विगत समय में राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर तमाम घटनाएं घटी हैं और साहित्य इनसे अछूता नहीं रह सकता है। अपने देश में जिस तरह से लोगों में पाश्चात्य संस्कृति के प्रति अनुराग बढ़ रहा है, वह चिन्ताजनक है एवं इस स्तर पर साहित्य को प्रभावी भूमिका का निर्वहन करना होगा। उन्होंने रचनाकरों से अपील की कि वे सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य समाज के निर्माण में अपनी रचनात्मक भूमिका निभाएं। इस अवसर पर डा. सिंह ने द्वीप समूह में साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए और स्व. सरस्वती सिंह की स्मृति में पुस्तकालय खोलने हेतु अपनी ओर से हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के आरंभ में संस्था के संस्थापक महासचिव दुर्ग विजय सिंह दीप ने अतिथियों और उपस्थिति का स्वागत करते हुए आज के दौर में हो रहे सामाजिक अवमूल्यन पर चिंता व्यक्त की कार्यक्रम का संचालन संस्था के उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने किया और संस्था की निगरानी समिति के सदस्य आई.. खान ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर विभिन्न द्वीपों से आये तमाम साहित्यकार, पत्रकार बुद्धिजीवी उपस्थित थे.