फ़ॉलोअर

गुरुवार, 15 दिसंबर 2011

आकांक्षा यादव को भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा ’डाॅ0 अम्बेडकर फेलोशिप राष्ट्रीय सम्मान-2011'

भारतीय दलित साहित्य अकादमी ने युवा कवयित्री, साहित्यकार एवं चर्चित ब्लागर आकांक्षा यादव को ‘’डाॅ0 अम्बेडकर फेलोशिप राष्ट्रीय सम्मान-2011‘‘ से सम्मानित किया है। आकांक्षा यादव को यह सम्मान साहित्य सेवा एवं सामाजिक कार्यों में रचनात्मक योगदान के लिए प्रदान किया गया है। उक्त सम्मान भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा 11-12 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित 27 वें राष्ट्रीय दलित साहित्यकार सम्मलेन में केंद्रीय मंत्री फारुख अब्दुल्ला द्वारा प्रदान किया गया.

गौरतलब है कि आकांक्षा यादव की रचनाएँ देश-विदेश की शताधिक पत्र-पत्रिकाओं में नियमित रूप से प्रकाशित हो रही हैं. नारी विमर्श, बाल विमर्श एवं सामाजिक सरोकारों सम्बन्धी विमर्श में विशेष रूचि रखने वाली आकांक्षा यादव के लेख, कवितायेँ और लघुकथाएं जहाँ तमाम संकलनो / पुस्तकों की शोभा बढ़ा रहे हैं, वहीँ आपकी तमाम रचनाएँ आकाशवाणी से भी तरंगित हुई हैं. पत्र-पत्रिकाओं के साथ-साथ अंतर्जाल पर भी सक्रिय आकांक्षा यादव की रचनाएँ इंटरनेट पर तमाम वेब/ई-पत्रिकाओं और ब्लॉगों पर भी पढ़ी-देखी जा सकती हैं. व्यक्तिगत रूप से ‘शब्द-शिखर’ और युगल रूप में ‘बाल-दुनिया’ , ‘सप्तरंगी प्रेम’ ‘उत्सव के रंग’ ब्लॉग का संचालन करने वाली आकांक्षा यादव न सिर्फ एक साहित्यकार के रूप में प्रतिष्ठित हैं, बल्कि सक्रिय ब्लागर के रूप में भी उन्होंने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है. 'क्रांति-यज्ञ: 1857-1947 की गाथा‘ पुस्तक का कृष्ण कुमार यादव के साथ संपादन करने वाली आकांक्षा यादव के व्यक्तित्व-कृतित्व पर वरिष्ठ बाल साहित्यकार डा0 राष्ट्रबन्धु जी ने ‘बाल साहित्य समीक्षा‘ पत्रिका का एक अंक भी विशेषांक रुप में प्रकाशित किया है।

मूलत: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद की निवासी आकांक्षा यादव वर्तमान में अपने पतिदेव श्री कृष्ण कुमार यादव के साथ अंडमान-निकोबार में रह रही हैं और वहां रहकर भी हिंदी को समृद्ध कर रही हैं. श्री यादव भी हिंदी की युवा पीढ़ी के सशक्त हस्ताक्षर हैं और सम्प्रति अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के निदेशक डाक सेवाएँ पद पर पदस्थ हैं. एक रचनाकार के रूप में बात करें तो सुश्री आकांक्षा यादव ने बहुत ही खुले नजरिये से संवेदना के मानवीय धरातल पर जाकर अपनी रचनाओं का विस्तार किया है। बिना लाग लपेट के सुलभ भाव भंगिमा सहित जीवन के कठोर सत्य उभरें यही आपकी लेखनी की शक्ति है। उनकी रचनाओं में जहाँ जीवंतता है, वहीं उसे सामाजिक संस्कार भी दिया है।

इससे पूर्व भी आकांक्षा यादव को विभिन्न साहित्यिक-सामाजिक संस्थानों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। जिसमें भारतीय दलित साहित्य अकादमी द्वारा ‘वीरांगना सावित्रीबाई फुले फेलोशिप सम्मान‘, राष्ट्रीय राजभाषा पीठ इलाहाबाद द्वारा ’भारती ज्योति’, ‘‘एस0एम0एस0‘‘ कविता पर प्रभात प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा पुरस्कार, इन्द्रधनुष साहित्यिक संस्था, बिजनौर द्वारा ‘‘साहित्य गौरव‘‘ व ‘‘काव्य मर्मज्ञ‘‘, श्री मुकुन्द मुरारी स्मृति साहित्यमाला, कानपुर द्वारा ‘‘साहित्य श्री सम्मान‘‘, मथुरा की साहित्यिक-सांस्कृतिक संस्था ‘‘आसरा‘‘ द्वारा ‘‘ब्रज-शिरोमणि‘‘ सम्मान, मध्यप्रदेश नवलेखन संघ द्वारा ‘‘साहित्य मनीषी सम्मान‘‘ व ‘‘भाषा भारती रत्न‘‘, छत्तीसगढ़ शिक्षक-साहित्यकार मंच द्वारा ‘‘साहित्य सेवा सम्मान‘‘, देवभूमि साहित्यकार मंच, पिथौरागढ़ द्वारा ‘‘देवभूमि साहित्य रत्न‘‘, राजेश्वरी प्रकाशन, गुना द्वारा ‘‘उजास सम्मान‘‘, ऋचा रचनाकार परिषद, कटनी द्वारा ‘‘भारत गौरव‘‘, अभिव्यंजना संस्था, कानपुर द्वारा ‘‘काव्य-कुमुद‘‘, ग्वालियर साहित्य एवं कला परिषद द्वारा ‘‘शब्द माधुरी‘‘, महिमा प्रकाशन, दुर्ग-छत्तीसगढ द्वारा ’महिमा साहित्य भूषण सम्मान’ , अन्तर्राष्ट्रीय पराविद्या शोध संस्था, ठाणे, महाराष्ट्र द्वारा ‘‘सरस्वती रत्न‘‘, अन्तज्र्योति सेवा संस्थान गोला-गोकर्णनाथ, खीरी द्वारा श्रेष्ठ कवयित्री की मानद उपाधि. जीवी प्रकाशन, जालंधर द्वारा 'राष्ट्रीय भाषा रत्न' इत्यादि शामिल हैं.

आकांक्षा यादव को इस सम्मान-उपलब्धि पर हार्दिक बधाइयाँ !!

प्रस्तुति - शब्द साहित्य : रत्नेश कुमार मौर्य

शुक्रवार, 2 दिसंबर 2011

भरतुआ

पड़ोस में देख
एक विवाह का आयोजन
भरतुआ को लग रहा था कि
आज अवश्य ही पूरा होगा
उसका प्रयोजन

पिछले कई दिनों से
बापू की तबीयत ठीक नहीं थी
किसी तरह माँ बिना दाल और
सब्जी के बस अचार के साथ ही
रोटी दे पा रही थी
कभी कभी तो वह भी
मयस्सर नहीं हो पा रहा थी
पर आज एक अच्छे भोजन की
उम्मीद जग गयी थी

सबेरे ही भरतुआ जुट गया
अपने कपड़ो को साफ करने में
बिन बुलाये मेहमान की तर्ज पर
बीच बीच में
मेजबान के यहाँ भी जाकर
कुछ कम कर जाता
अपनी अनचाही उपस्थिति
दर्ज करा आता

तमाम पकवानों कि खुशबुओं से
गमक रहा था पूरा वातावरण
शाम को रोशनी से जगमगा उठा था
पूरा आयोजन स्थल
कट नहीं रहा था बस तो
भरतुआ से इंतजार का
एक एक पल

मेजबान के आहवाहन पर
जैसे ही लोग बाग
सुस्वादु व्यंजनों की और बढे
भरतुआ ने भी कदम
अन्दर रखा धीरे से
गृहस्वामी गरजा चिल्लाया
अरे देखो साला फालतू
कहाँ से घुस आया
पीट कर भगाओ स्साले को
इसको है किसने बुलाया
चलने लगे उस अबोध पर
थप्पड़ो की बौछारें
अंत में एक ने उसके हाथ को ऐठ
पकड़ कान कर दिया किनारे

अनवरत थप्पड़ों की मार से
उसका गाल सूज आया
अंत में अधमरा हो वह
बिना कुछ खाए पिए
घर लौट गया

माँ ने पूछा
भरतुआ तू कियन गई रहा
हम कब से तुम्हार रोटी बनाय
इंतजार कई रहा
बाबू आज रोटी के साथ
आलू झोल भी बनावा है
तोहे बबुआ बहुते भावा है
का बात है तुम्हारी तबीयत
आज ठीक रउए
आव आज तोहे
अपने हाथ से खियाबे

भरतुआ बड़े प्रेम से
अपनी माँ के हाथो से खा रहा था
एक एक कौर से उसका
एक एक रोम तृप्त हो रहा था
आज भरतुआ को रोटी और झोल
बेहद स्वादिष्ट लग रही थी
बेशक उसमे माँ की ममता
जो मिली हुए थी
वह सोच रहा था कि
रोज ही तो वह माँ के हाथ का
बना भोजन खा रहा था
मगर आज उसी खाने का स्वाद
आज बेहतर क्यों
नजर रहा था
शायद इस खाने में सम्मान और
स्वाभिमान जो मिला था

भरपेट खाकर भरतुआ
माँ की लोरी सुनते हुए
कब सो गया पता ही नहीं चला
सुबह होने पर देखा तो
सूरज सर पर चढ़ आया

सामने विवाह स्थल पर
बचे भोजन बाहर फेके जा रहे थे
कुछ बची हुई सब्जी और पूड़ी लेकर
मेजबान के लड़के
उसे देने उसके घर आये थे
भरतुआ चिल्लाया
मत लेना माँ इस खाने को
हमीं है क्या इन
खैरात को खपाने को
क्या हमीं है इनके इकठ्ठे
गए पापों को बटाने को
बच गया तो साले आये है
पुण्य कमाने को

बुधवार, 23 नवंबर 2011

पगली

पति के असमय की मौत से
किसी तरह वह ऊबर चुकी थी
बेटियों के हाथ पीले करने के बाद
फौज से कमीशन लेकर आये बेटे विकास के
विवाह की तैयारी चल रही थी
तभी विकास के सीमा पर
शहादत की खबर ने
उसे भीतर तक झकझोर कर तोड़ दिया
उसके अब और जीने की इच्छा को
समाप्त ही कर दिया

अभी कल तक तो बहू को लेकर
कितने ताने बाने बुन रही थी
बहू के साथ सुखमय भविष्य के
मीठे सपने देख रही थी
पर नियति के खेल के आधीन
कितने दिनों तक वह रोती रही
घर के हर कोनो खेत खालिहोनो में
जाकर पागलो की तरह
अपने कलेजे के टुकड़े को खोजती रही

किसी तरह बेटियों का सहारा पाकर
दामादों को अपनी नैया का पतवार बनाकर
धीरे धीरे जीवन की नैया को
आंसुओं के समुन्दर में
किसी तरह खेती रही

समय अबाध गति से चलता रहा
उसके पास की जमा पूंजी क्रमशः
समाप्त हो रही थी
तीस चालीस कट्टे खेत की
ही पूंजी बची थी
बेटियों के साथ दामादों की
भरपूर नजर उसी पर थी
बटाई से मिले अनाज
दोनों बेटियों की बीच बट जाती
वह एक दूसरे पर बोझ बनी
कभी बड़ी के यहाँ तो
कभी छोटी के यहाँ
लावारिसों की तरह घूमती रहती
जैसे ही किसी एक के यहाँ पहुँचती
जलपान और शिष्टाचार के पूर्व ही
कब जाओगी माँ
बेशर्मी से बेटियां जब पूछती
पनियल नज़रों से शून्य में
ताकते हुए उसे शिवबरन नजर आता
मैके जब वह जाती
कब अओगी कह कर वह
उदास हो जाता
उन दिनों को याद कर आज भी
उसका जी भर आता

कभी सोचा नहीं था कि
ऐसे भी दिन देखना होगा
सब कुछ रहते हुए भी
दर दर भटकना होगा
आज अगर बेटा जीवित होता
कम से कम जीवन का ठहराव होता
कितना भी बुरा होता

वह अपनों के लिए एक
अवांछित वस्तु बन चुकी थी
जिसकी उपयोगिता सबके लिए
समाप्त हो गयी थी
सबकी नजर बस उसके खेत और
मकान पर ही गडी थी

इसी कलह से ऊबकर
साँझ होते होते उसने अपने
गाँव की ओर रुख किया
जाकर वहां देखा तो सब कुछ
लग रहा था बदला बदला
उसके पुराने पक्के मकान के स्थान पर
एक आलीशान महल था बन रहा
पूछने पर पता लगा कि
उसे बाबूसाहब ने खरीद ली
वह सोचती पर उसने तो
इसे किसी को इसे बेचा ही नहीं
किसी तरह साथ में लाये भूजे को खाकर
पेड़ के नीचे सोई वह जाकर
सुबह उठाने पर उसने आस पास
लोगो की चिख चिख सुनी
लोगो से पता चला कि
उनके दामादों ने लेकर उससे
पावर ऑफ़ अटर्नी
उसके खेतों और मकान को बेच दी

वह दहाड़ मार कर चिल्लाई
थर्रा गयी जिससे गाँव की गली
आज भी गाँव में फिरती है
वह बन कर पगली

शुक्रवार, 18 नवंबर 2011

मौलिक बचपन

अनवरत चल रहा था
बधाइयों का ताता
करीब में ही खड़े थे पाँच वर्षीया
अंकुर के दादी दादा
यानि मेरे माता पिता
उपहारों को अंकुर थैंकू के साथ पकडाता
उन्हें अहिस्ता से किनारे रखता
अंत में एक बड़े उपहार की
आशा में बेचैन
मुखातिब थे मेरी ओर उसके नैन
सोच रहा था पापा इस बार अवश्य ही
करेंगे गिफ्ट कुछ खास
जिसकी रही है उसे
पिछले कई दिनों से आस
मैंने इस बार अंकुर के लिए
समय के साथ चलते हुए एक बड़ा सा
टेडी बियर पैक कराया था
सोचा था इसे देख अंकुर
ख़ुशी से झूम उठेगा
उसकी आतुरता और उत्सुकता को
और बढ़ाते हुए मैंने तत्परता से
अपने पापा के साथ मिलकर
उसे वह पैकेट थमाया
बेचैन अंकुर ने उसे बिना देर किये
जिग्यसवास तुरन्त ही खुलवाया

ह्वाट इस दिस
इस इट गिफ्ट फार ह्वीच
आई वाज सो एगरली वेटिंग
रियली पापा टू सी इट आई एम्
बीइंग सो डिसअप्वैन्टिंग
मै तो सोच रहा था कि अन्दर
मिनी लैपटॉप या इपोट जैसे
इलेक्ट्रोनिक इटेम होगे
आखिर पापा अप कब मैच्योर होगे

हतप्रभ मै
उसकी बात सुन रहा था
समय से पूर्व उसकी मच्योरिटी पर
मै दंग हो रहा था
डार्विन के विकासवाद के सिद्धांत का
सतत निरूपण मै देख रहा था
एक फल सीधे बिना फूल बने ही
फल में रूपांतरित हो रहा है
कैसा होगा भविष्य ऐसे फलो का
उसमे वांछित सद्गुणों का

बेशक मेहमानों ने उसकी बात को
हसी में टाल दिया था
वह भी नाराज होकर
अपने कमरे में चला गया था
मेरे माँ बापू ने उसे मनाने हेतु
उसके कमरे की ओर
उसका अनुगमन किया था

इस घटना को नजरंदाज कर
भार्या ने मेहमानों की ओर
अपना रुख किया
इस अनायास अप्रत्याशित आक्रमण से
आक्रांत और आंदोलित मै
घटना के विश्लेषण में लग गया

आज के बच्चे
कितनी तेजी से युवा बनने को
बेचैन दिख रहे है
समय से पूर्व तेजी से मच्योर होकर
क्या अपना मौलिक बचपन
नहीं खो रहे है
माँ के लोरियों की ताकत से अंजान
मिकेल जेक्सन के गीतों पर
ही क्यों सो रहे है
पर सच्चाई यह है कि
जिस बचपन को हमने पूरी सिद्दत से
खेत खालिहोनो से लेकर
गलियों और स्कूलों में भरपूर है जिया
उसे आज का बच्चा है खो रहा
लग रहा था कि समय का चक्र
अपनी निर्धारित गति से काफी
तीव्रतर हो गया है
ऐसा क्यों लग रहा है कि
एक बीज अंकुरित होते ही सीधे
वृक्ष बनाने को व्यग्र दीख रहा है
अगर बन भी गया तो क्या
वह मानसिक और शारीरिक रूप से
इतना सबल होगा कि
अपनी तमाम जिम्मेदारियों को
उठाने में सक्षम होगा

पता नहीं क्यों मुझे तो
बस यही लग रहा था कि
आज का युवा जो अपनी पारिवारिक
और सामाजिक जिम्मेदारियों से
दूर भाग रहा है
वृद्ध आश्रमों कि कल्पना को
साकार कर रहा है
कही वह ऐसे ही कच्चे विकास का
परिणाम तो नहीं है

पूरे देश में चाचा नेहरु का जम्दीन
आज तो मुझे समझ में रहा था
पर आज का बच्चा बड़े साफगोई से
निर्मल और निश्छल बाल दिवस कि
नयी परिभाषा बता रहा था